भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा है कि तेजस्वी यादव अपना परिचय दे रहे हैं। ये ऐसे लोग हैं जो अपनी लंबी जीब से कुछ भी बोल देते हैं और करते कुछ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने इन्हें समय दिया था यह बताएं इन्होंने क्या किया? सांसद मनोज तिवारी ने आगे कहा कि कुछ लोगों की 56 इंच की जीभ होती है और कुछ लोगों का 56 इंच का सीना होता है। 56 इंच का सीना समाज के लिए काम रहा है और 56 इंच की जीभ से हम कुछ अपेक्षा नहीं कर सकते हैं।
‘खिलाड़ियों का अपमान करना कांग्रेस की आदत’
वहीं कांग्रेस की प्रवक्ता शमा मोहम्मद द्वारा रोहित शर्मा पर की गई टिप्पणी को लेकर मनोज तिवारी ने बयान दिया है। शमा मोहम्मद पर निशाना साधते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ऐसी बातें कहलवाती है। विजेताओं और खिलाड़ियों का अपमान करना कांग्रेस की आदत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगर कुछ करना चाहती है तो इस नेता को पार्टी से बाहर करे। मनोज तिवारी ने कहा कि रोहित शर्मा और भारतीय टीम ने भारत के लिए कितना किया है सबको पता है, लेकिन कांग्रेस हमेशा विजेता लोगों को अपमान करती है।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में भारत की टीम ने अभी तक बेहद ही शानदार प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने सेमीफाइनल में भी प्रवेश कर लिया है। अभी तक टीम इंडिया ने बांग्लादेश, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड को हराकर अजेय बढ़त हासिल की है। इस बीच टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता शमा मोहम्मद ने एक बयान दिया है, जिसे लेकर उनकी जमकर आलोचना की जा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने कप्तान रोहित शर्मा को एक खिलाड़ी के तौर पर मोटा कहा है। इसके अलावा उन्होंने रोहित शर्मा को भारत का अब तक का सबसे अप्रभावी कप्तान बताया है।
कांग्रेस ने शमा मोहम्मद के बयान से किया किनारा
हालांकि शमा मोहम्मद के इस बयान के बाद भाजपा ने इसकी कड़ी आलोचना की है। भाजपा के नेताओं ने इसे कांग्रेस की सोच बताते हुए हमला बोला है। हालांकि कांग्रेस पार्टी ने शमा मोहम्मद के इस पोस्ट से किनारा कर लिया है। कांग्रेस का कहना है कि वह देश के खिलाड़ियों का सम्मान करती है। इसके साथ ही कांग्रेस ने शमा मोहम्मद को अपनी पोस्ट डिलीट करने के लिए भी कहा है, जिसके बाद शमा मोहम्मद ने एक्स पर की गई अपनी पोस्ट को डिलीट कर दिया है।
शमा मोहम्मद ने दी सफाई
वहीं पूरे विवाद पर कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने कहा, “मैंने किसी का अपमान करने के लिए ट्वीट नहीं किया था। उस ट्वीट में मैंने कहा कि एक खिलाड़ी होने के नाते उनका (रोहित शर्मा) वजन ज्यादा है। ये बॉडी शेमिंग नहीं है। मैंने कहा कि वे एक अप्रभावी कप्तान हैं, क्योंकि मैंने उनकी तुलना पहले के कप्तानों से की थी। जब विराट कोहली मोहम्मद शमी के साथ खड़े थे, तब उन पर भाजपा के लोगों ने क्यों हमला किया था? वे एक अच्छे कप्तान थे, वे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हैं और रन बनाते हैं। वे दूसरे टीम के खिलाड़ियों की भी अच्छा करने पर तारीफ करते हैं। मेरे हिसाब से विराट अच्छे कप्तान हैं। आज कल प्रधानमंत्री भी फिट इंडिया के बारे में बात करते हैं। खिलाड़ी को फिट होना चाहिए।”